ताजा खबर

दफ्तर में घुसकर पटवारी से मारपीट, मामला दर्ज
22-Apr-2026 6:49 PM
दफ्तर में घुसकर पटवारी से मारपीट, मामला दर्ज

घटना सीसीटीवी में कैद

अंबिकापुर, 22 अप्रैल। सरगुजा जिला के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी में पटवारी कार्यालय के भीतर घुसकर पटवारी और उसके ऑपरेटर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पटवारी प्रकाश मंडल अपने कार्यालय में काम कर रहे थे, तभी आरोपी मोनू कुजूर वहां पहुंचा और आरआई (राजस्व निरीक्षक) का नंबर मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पटवारी तथा उसके ऑपरेटर के साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद पीडि़त पटवारी की शिकायत पर दरिमा थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पटवारी संघ के सदस्य भी बड़ी संख्या में दरिमा थाना पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस घटना के बाद राजस्व कर्मचारियों में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट