ताजा खबर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 22 अप्रैल। पूर्व बैंक अधिकारी और फोटोग्राफर जैरी कोशी की छायाचित्र प्रदर्शनी “स्नैपशॉट स्टोरीज” 25 और 26 अप्रैल को संस्कृति भवन स्थित कला वीथिका, महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में लगेगी।
जैरी कोशी पंजाब नेशनल बैंक में अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने अपनी सेवा अवधि में देश के अलग-अलग जगहों की यात्राओं से अपनी अवलोकन क्षमता को विकसित किया। उन्होंने इन अनुभवों को छायाचित्रों के माध्यम से साकार रूप देने का प्रयास किया है।
मोटर साइकिलिंग के शौकीन जैरी कोशी ने हजारों किलोमीटर की यात्राएं की हैं। वे 1996 की भिलाई-लेह-भिलाई (4500 किमी) जैसी लंबी यात्रा में भी शामिल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने लेह-मनाली 450 किमी साइकिल यात्रा में भाग लेकर अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया।
व्यस्त बैंकिंग जीवन के बीच भी उनका फोटोग्राफी के प्रति लगाव बना रहा। प्रकृति के प्रति विशेष झुकाव के कारण उनके कैमरे में उगते सूरज और ढलती शाम के मनोहारी दृश्य कैद होते रहे हैं।
“स्नैपशॉट स्टोरीज” प्रदर्शनी “प्रकृति के श्रृंगार” विषय पर आधारित है। यह केवल तस्वीरों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों और जिज्ञासा की एक झलक भी प्रस्तुत करती है, जिसमें जुनून और संकल्प की भावना झलकती है।


