ताजा खबर
भिलाई के अवन्ति बाई और सूर्या मॉल चौक पर दुर्घटना नियंत्रण हेतु यातायात पुलिस व पीडब्ल्यूडी की संयुक्त कार्रवाई
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 22 अप्रैल।सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग एवं लोक निर्माण विभाग ने शहर के चिन्हित ग्रे स्पॉट अवन्ति बाई चौक और सूर्या मॉल चौक का संयुक्त निरीक्षण किया। यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार की गई है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों चौकों पर यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
अवन्ति बाई चौक पर निर्देश:
यहां रोटरी का आकार कम करने, चारों दिशाओं में रम्बल स्ट्रिप्स बनाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, हाई मास्क लाइट लगाने तथा चेतावनी और सूचनात्मक संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहन चालकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल सके और दुर्घटनाओं में कमी आए।
सूर्या मॉल चौक पर निर्देश:
इस चौक पर सड़क किनारे स्थित ट्रांसफार्मर को हटाकर लेफ्ट टर्न को बाधारहित बनाने, ट्रैफिक सिग्नल की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, नाली को ढककर सड़क चौड़ीकरण करने, रम्बल स्ट्रिप्स निर्माण एवं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिकता से होंगे सुधार कार्य:
सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि इन सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
समन्वय से बनी सफलता की राह:
इस संयुक्त कार्रवाई में यातायात पुलिस दुर्ग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों एवं मैदानी अमले की सक्रिय और समन्वित भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है।
दुर्ग पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, संकेतकों का अनुसरण करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


