ताजा खबर

हाथी की दस्तक से दहशत, तेंदूपत्ता और महुआ संग्रहण ठप
22-Apr-2026 11:06 AM
हाथी की दस्तक से दहशत, तेंदूपत्ता और महुआ संग्रहण ठप

दो दिन से मरवाही के गुल्लीडांड बीट में डेरा, वन विभाग दे रहा लाउडस्पीकर से चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 22 अप्रैल। मरवाही वन क्षेत्र के गुल्लीडांड बीट में हाथी के पहुंचने से आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया है। बीते दो दिनों से ग्रामीण जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं, जिससे तेंदूपत्ता तोड़ने और महुआ बीनने का काम पूरी तरह रुक गया है।  

वन अधिकारियों के अनुसार, हाथी पड़ोसी जिले कोरबा के पसान फॉरेस्ट रेंज से होते हुए मरवाही वन मंडल में दाखिल हुआ है। फिलहाल यह गुल्लीडांड ब्लॉक के कम्पार्टमेंट नंबर 2025 में घूम रहा है और आसपास के जंगलों में लगातार मूवमेंट कर रहा है।

स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। गांव-गांव में लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कर लोगों को जंगल में न जाने की सख्त हिदायत दी जा रही है। वन अमले की टीम, जिसमें बीट गार्ड से लेकर अधिकारी तक शामिल हैं, लगातार हाथी की निगरानी में जुटी है।

अब तक किसी प्रकार की जनहानि या फसल नुकसान की सूचना नहीं मिली है, हालांकि हाथी द्वारा एक साइकिल को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई है।  

मरवाही रेंज अधिकारी मुकेश साहू ने बताया कि ग्रामीणों की को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से महुआ बीनने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि इस समय उनकी जंगल में आवाजाही अधिक रहती है।


अन्य पोस्ट