ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 अप्रैल। मस्तूरी ब्लॉक के रिसदा गांव में मंगलवार दोपहर 65 वर्षीय एक वृद्ध ने अपनी 60 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद आरोपी खुद मस्तूरी थाने पहुंचा और अपराध कबूल करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, रिसदा निवासी जीवलाल नौरंगे (65) और उनकी पत्नी सरस्वती नौरंगे (60) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष अगस्त में सड़क हादसे में उनकी बेटी की मौत के बाद सरस्वती घर से अलग रहने लगी थीं। कुछ दिन पहले ही वह वापस लौटी थीं, लेकिन पति को उनके चरित्र पर संदेह था।
मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी के अन्य लोगों से बातचीत को लेकर वह अक्सर नाराज रहता था और उसे कई बार समझाने की कोशिश भी की थी। लेकिन विवाद बढ़ता गया और गुस्से में उसने कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण सरस्वती की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद जीवलाल कुल्हाड़ी सहित सीधे मस्तूरी थाना पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। आरोपी की स्वीकारोक्ति सुनकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
एसडीओपी मस्तूरी लालचंद मोहले ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों के बयान भी लिए जा रहे हैं, ताकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा सके।


