ताजा खबर
कोलकाता, 21 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा झाड़ग्राम में ‘झालमुड़ी’ खरीदना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों पर असर डालेगा और उन्होंने प्रश्न किया कि क्या मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले 15 वर्ष में छोटे व्यापारियों तक पहुंचने का ऐसा कोई प्रयास किया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यहां एक प्रेस वार्ता में कहा कि नरेन्द्र मोदी ‘‘सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि एक ब्रैंड हैं जो लोगों के दिलों में बसते हैं’’।
प्रधानमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्हें झाड़ग्राम की एक साधारण सी दुकान से ‘झालमुड़ी’ खरीदते हुए देखा गया।
‘झालमुड़ी’ एक बंगाली लोकप्रिय ‘फूड’ है जो, मुरमुरे, हरी मिर्च और मसालों से बनता है।
प्रधानमंत्री के साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी थे और मोदी ने दुकानदार को ‘झालमुड़ी’ के पैसे दिए। जब दुकानदार ने पैसे लेने से इनकार कर दिया, तो प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि वह पैसे स्वीकार करे।
ठाकुर ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘पिछले 15 वर्ष में क्या मुख्यमंत्री कभी किसी छोटी दुकान पर गईं और उन्होंने कुछ खाने का सामान खरीदा? प्रधानमंत्री ने ये किया।’’
ठाकुर ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर राज्य में कई केंद्रीय योजनाओं के कार्यान्वयन को बाधित करने तथा भ्रष्टाचार में लिप्त होने का भी आरोप लगाया।
भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 2029 से लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने से संबंधित विधेयकों को संसद में पारित कराने में विफल रहने के बारे में ठाकुर ने कहा, ‘‘महिलाओं के लिए आरक्षण कोई एहसान नहीं है, यह उनका अधिकार है। भाजपा ने कानून पारित कराना सुनिश्चित किया, लेकिन कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टियों ने इसे वर्षों तक टाला।’’
भाजपा के एक अन्य नेता हर्षवर्धन श्रृंगला ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा महिलाओं के खिलाफ अपराधों को जरा भी बर्दाश्त नहीं करेगी और अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार उन्हें आरक्षण और वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। (भाषा)


