ताजा खबर
नगर पंचायतों को डिप्टी सीएम ने दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अप्रैल। डिप्टी सीएम अरुण साव ने मंगलवार को नगर पंचायतों के कामकाज पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पंचायतों की आय बढ़ाने और कर्मचारियों को नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डिप्टी सीएम ने न्यू सर्किट हाउस में नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शहरों में बेतरतीब निर्माण, अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश सभी सीएमओ को दिए।
उन्होंने कहा कि नई सोच और नई कार्यपद्धति के साथ शहर और शहरवासियों के कल्याण के लिए काम किया जाए। साथ ही नगर पंचायतों के कार्यों और व्यवस्थाओं में कसावट लाने के निर्देश दिए।
साव ने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही और कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सुव्यवस्थित और सुनियोजित कार्यों से शहर और सरकार की प्रतिष्ठा बढ़ाई जाए। शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ नागरिकों के लिए पर्याप्त जन सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. और संचालक आर. एक्का भी मौजूद रहे।


