ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 21 अप्रैल। सीतापुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुतुरमा और सुखरापारा के बीच सुबह करीब 8.30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि एक युवक प्लेटिना मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद सड़क पर शव पड़े रहने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा, जिससे आसपास के ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शाम 5 बजे समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल सीतापुर थाना से संपर्क करें।


