ताजा खबर
गर्मी में पानी की तलाश में आबादी की ओर आ रहे वन्यजीव
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 21 अप्रैल। भीषण गर्मी के चलते जंगलों में पानी और भोजन की कमी होने से वन्यजीव अब रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मैनपाट-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर सपनादर मंदिर के पास स्थित नाला क्षेत्र में एक जंगली भालू दिखाई देने से राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भालू को सड़क किनारे नाला के आसपास घूमते हुए देखा गया। अचानक भालू के दिखाई देने से मार्ग से गुजर रहे लोग कुछ देर के लिए रुक गए और सुरक्षित दूरी बनाकर स्थिति पर नजर बनाए रखी। इस दौरान कुछ लोगों ने भालू का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र में तेज गर्मी पड़ रही है, जिससे जंगलों के जलस्रोत सूखने लगे हैं। पानी और भोजन की तलाश में वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों के नजदीक पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ रही है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों और राहगीरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं वन विभाग से मांग की जा रही है कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


