ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 21 अप्रैल। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए औद्योगिक हादसे की जांच सार्वजनिक भागीदारी के साथ आगे बढ़ेगी। बिलासपुर संभाग आयुक्त कार्यालय ने 29 अप्रैल को साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए सुनवाई तय की है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति, प्रभावित पक्ष या संगठन निर्धारित तिथि को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच आयुक्त कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में उपस्थित होकर अपने तथ्य, दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं। यह पहल जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से की गई है।
आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, 14 अप्रैल को प्लांट के यूनिट-1 के बॉयलर सेक्शन में स्टीम पाइप से जुड़ी वाटर सप्लाई लाइन के जॉइंट में तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई थी। इस घटना में 24 श्रमिकों की मौत हो चुकी है और कई घायल हुए हैं।
राज्य सरकार ने बिलासपुर संभाग के आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे जांच में सहयोग करें और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत करें, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। इस प्रक्रिया के जरिए न केवल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जाएगा, बल्कि जिम्मेदारियों का निर्धारण भी किया जाएगा। इसके लिए प्रत्यक्षदर्शियों, श्रमिकों, प्रबंधन से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित पक्षों को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया जा रहा है।


