ताजा खबर
मुख्य न्यायाधीश ने दिलाई शपथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 21 अप्रैल। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सोमवार को पांच न्यायाधीशों ने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। यह शपथ ग्रहण समारोह 20 अप्रैल 2026 को सुबह 10:30 बजे मुख्य न्यायाधीश के न्यायालय कक्ष में संपन्न हुआ।
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत, न्यायमूर्ति राधाकिशन अग्रवाल, न्यायमूर्ति संजय कुमार जायसवाल, न्यायमूर्ति बिभु दत्ता गुरु तथा न्यायमूर्ति अमितेन्द्र किशोर प्रसाद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीश मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इन अस्थायी न्यायाधीशों की स्थायी नियुक्ति को लेकर नई दिल्ली स्थित विधि एवं विधायी कार्य विभाग द्वारा पूर्व में अधिसूचना जारी की गई थी, जिसके बाद यह औपचारिक शपथ ग्रहण संपन्न हुआ।
समारोह में हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं सचिव, डिप्टी सॉलिसिटर जनरल, अतिरिक्त महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके साथ ही रजिस्ट्रार जनरल, न्यायिक अकादमी, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, रजिस्ट्री के न्यायिक अधिकारी तथा प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।


