ताजा खबर
चीन ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी झंडे वाले कार्गो जहाज पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और उसकी जब्ती पर चिंता जताई है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा कि अमेरिका द्वारा संबंधित जहाजों के खिलाफ बल प्रयोग चिंताजनक है. उन्होंने सभी पक्षों से अपील की कि वे जिम्मेदारी से काम करें और मौजूदा संघर्षविराम समझौते का पालन करें.
गुओ जियाकुन ने कहा कि मौजूदा हालात बेहद संवेदनशील हैं और ऐसे समय में किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई तनाव को और बढ़ा सकती है. उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए और स्थिति को बिगड़ने से रोकने के प्रयास करने चाहिए. चीन ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संघर्षविराम को बनाए रखने और स्थिरता बहाल करने में भूमिका निभानी चाहिए.
रविवार को अमेरिकी नौसेना ने अरब सागर में एक ईरानी मालवाहक जहाज को रोककर अपने कब्जे में ले लिया था. उनका कहना है कि यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था. देखने वाली बात यह है कि दो सप्ताह का अस्थायी संघर्षविराम बुधवार को समाप्त होने वाला है.
चीन ने सभी पक्षों से “शांति के अवसर” का उपयोग करने और जल्द से जल्द तनाव कम करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में स्थिरता और शांति बनी रहे. (dw.com/hi)


