ताजा खबर
भारत को रूस समेत उन देशों की सूची में शामिल कर लिया गया है, जहां डोपिंग का खतरा "अत्यंत अधिक" है. एथलेटिक्स इंटेग्रिटी यूनिट (एआईयू) ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी है. भारत अब एआईयू की कैटेगरी ए में शामिल हो गया है. इस कैटेगरी में भारत के अलावा रूस, बेलारूस, इथियोपिया, केन्या, नाइजीरिया और यूक्रेन जैसे देश पहले से शामिल हैं. भारत अब तक कैटेगरी बी में हुआ करता था.
कैटेगरी ए में आने का मतलब है कि भारतीय एथलीटों को अब अधिक सख्त डोपिंग विरोधी नियमों का पालन करना होगा. एआईयू का कहना है कि साल 2022 से लेकर 2025 के बीच, दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश भारत डोपिंग विरोधी उल्लंघनों के मामले में शीर्ष दो देशों में शुमार रहा है. एआईयू का कहना है कि भारत में डोपिंग की स्थिति लंबे समय से उच्च जोखिम वाली रही है.
वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) के प्रमुख विटोल्ट बैंका ने पिछले हफ्ते कहा था कि भारत प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं का सबसे बड़ा निर्माता है. उन्होंने यह भी कहा कि डोपिंग उल्लंघनों के मामलों को लेकर भारत लगातार शीर्ष पर बना हुआ है, लेकिन इससे उसके वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी के अवसरों पर कोई असर नहीं होगा.(dw.com/hi)


