ताजा खबर

भारत और दक्षिण कोरिया ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा
21-Apr-2026 9:05 AM
भारत और दक्षिण कोरिया ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा

भारत और दक्षिण कोरिया ने सोमवार को कहा कि वे ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों, जहाज निर्माण, सेमीकंडक्टर और स्टील जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाकर अपने आर्थिक संबंधों को मजबूत करेंगे. दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक दोगुना कर 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. 

दोनों देशों ने अपने 2010 के व्यापार समझौते को नई ऊर्जा देने के लिए बातचीत फिर से शुरू करने पर भी सहमति जताई है. भारत और दक्षिण कोरिया के बीच पिछले वित्त वर्ष में 25 अरब डॉलर से अधिक का द्विपक्षीय व्यापार हुआ था. हालांकि, इसमें भारत से निर्यात की तुलना में आयात अधिक था. भारत अब इस व्यापार को अधिक संतुलित बनाना चाहता है, जबकि दक्षिण कोरिया भारतीय बाजारों तक अधिक पहुंच चाहता है. 

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जेइ म्यूंग तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं. सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. इसके बाद उन्होंने रिपोर्टरों से कहा, हमने दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग के ढांचे को उन्नत बनाने का फैसला लिया है, ताकि साझा विकास के लिए नया इंजन बनाया जा सके. राष्ट्रपति म्यूंग ने बताया कि दोनों देशों ने पहली बार एक मंत्रिमंडल-स्तरीय आर्थिक सहयोग समिति भी बनाई है. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट