ताजा खबर

यमुनोत्री की यात्रा पर आए दो श्रद्धालुओं की मौत
20-Apr-2026 9:10 PM
यमुनोत्री की यात्रा पर आए दो श्रद्धालुओं की मौत

उत्तरकाशी, 20 अप्रैल। उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित यमुनोत्री धाम की यात्रा के लिए आए दो श्रद्धालुओं की मौत हो गयी । पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी ।

उसने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान यमुनोत्री मंदिर के रास्ते में जानकीचट्टी में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक महिला श्रद्धालु है ।

पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के इंदौर से आयी प्रतिमा मिश्रा (40) की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें जानकीचट्टी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया ।

जानकीचट्टी पीएचसी के डॉ. हरदेव सिंह पंवार ने बताया कि मिश्रा को रविवार देर रात करीब 12 बजे उनके पति धर्मेन्द्र मिश्रा तथा एक अन्य अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर आये जहां जांच के बाद उन्हें मृत पाया गया ।

उन्होंने बताया कि महिला की मौत हृदयाघात (हार्ट अटैक) के कारण हुई।

इससे पहले, रविवार शाम करीब पौने चार बजे एक अन्य व्यक्ति को मृत अवस्था में जानकीचट्टी पीएसची में लाया गया । चिकिसकों ने उसकी सूचना पुलिस को दी और उसके शव को उसे सुपुर्द कर दिया ।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महाराष्ट्र के नासिक के उदय गजानन तांबे (65) के रूप में हुई है ।

करीब 10,804 फीट की उंचाई पर उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार दोपहर को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे । यमुनोत्री के लिए पैदल यात्रा की शुरूआत जानकीचट्टी से होती है जहां से श्रद्धालु छह किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई तय कर मंदिर तक पहुंचते हैं। (भाषा)


अन्य पोस्ट