ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 20 अप्रैल। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण बॉयलर हादसे की जांच में अधिक गहराई और गंभीरता की मांग उठी है। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मंसुख मांडविया, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है, साथ ही घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
इधर, राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने बिलासपुर संभाग के आयुक्त को इस हादसे की जांच सौंपी गई है। जांच अधिकारी को 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच, हादसे में घायल एक और श्रमिक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। मृतक मनीष कुमार उत्तर प्रदेश निवासी है। कई अन्य घायल श्रमिक विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मालूम हो कि, 14 अप्रैल को प्लांट के बॉयलर यूनिट-एक में स्टीम पाइप से जुड़े वाटर सप्लाई पाइप के जॉइंट में तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ। अचानक हुए विस्फोट और तेज दबाव के चलते कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए थे। उन्होंने साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। जांच के दायरे में हादसे के कारण, जिम्मेदार परिस्थितियां और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय शामिल हैं।


