ताजा खबर

4सी एयरपोर्ट अपग्रेड में देरी पर नाराजगी, ‘श्रमदान’ कर विरोध का ऐलान
20-Apr-2026 11:48 AM
4सी एयरपोर्ट अपग्रेड में देरी पर नाराजगी, ‘श्रमदान’ कर विरोध का ऐलान

हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने सरकार पर लगाया उदासीनता का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 20 अप्रैल। बिलासपुर एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी में उन्नत करने में हो रही लगातार देरी के खिलाफ जनआंदोलन और तेज किया जाएगा। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति मजदूर दिवस एक मई को सुबह 8 बजे प्रतीकात्मक रूप से श्रमदान कर एयरपोर्ट विस्तार कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम चकरभाठा एयरपोर्ट परिसर की उस 290 एकड़ जमीन पर आयोजित किया जाएगा, जो हाल ही में अधिग्रहित की गई है।

समिति का कहना है कि राज्य सरकार की धीमी कार्यप्रणाली और अनिश्चित रुख के कारण यह कदम उठाना पड़ रहा है। जनवरी में 50 करोड़ रुपये जमा किए जाने के बावजूद अब तक न तो 4सी अपग्रेड के लिए बजट स्वीकृत हुआ है और न ही नई जमीन की घेराबंदी की गई है।

समिति ने यह भी बताया कि करीब दो वर्ष पहले राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में शपथपत्र देकर 4सी अपग्रेड के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक यह रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी है। 4सी श्रेणी के लिए रनवे को वर्तमान 1500 मीटर से बढ़ाकर 2885 मीटर करना आवश्यक है, पर इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आ रही है।

इसके अलावा, नए एटीसी टावर और टर्मिनल भवन के लिए भी अब तक वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली है। जब इस संबंध में समयसीमा को लेकर पूछा गया, तो विमानन सचिव मुकेश बंसल ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि फिलहाल कोई निश्चित टाइमलाइन नहीं बताई जा सकती।

समिति ने आरोप लगाया कि इतने महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के प्रति राज्य सरकार के अधिकारियों में गंभीरता की कमी साफ दिखाई दे रही है। आमतौर पर ऐसे प्रोजेक्ट तय समयसीमा में पूरे किए जाते हैं, लेकिन यहां किसी तरह की प्रतिबद्धता नजर नहीं आ रही।

सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से समिति ने स्वयं श्रमदान के जरिए कार्य प्रारंभ करने का प्रतीकात्मक निर्णय लिया है। इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक और सहयोगी संगठनों के लोगों को भी शामिल किया जाएगा।

इधर, इस मांग को लेकर समिति का महाधरना लगातार जारी है। शनिवार और रविवार को भी बड़ी संख्या में लोगों ने धरने में भाग लिया और एयरपोर्ट विस्तार कार्य जल्द शुरू करने की मांग दोहराई।


अन्य पोस्ट