ताजा खबर

गांजे का ग्राहक तलाशते पकड़े गए तीन ऑटो सवार, 10 लाख का माल बरामद
20-Apr-2026 11:45 AM
गांजे का ग्राहक तलाशते पकड़े गए तीन ऑटो सवार, 10 लाख का माल बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 20 अप्रैल। सिटी कोतवाली पुलिस ने नियमित वाहन चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी पकड़ी। पुलिस ने ऑटो-रिक्शा के जरिए सप्लाई किए जा रहे 20 किलोग्राम गांजा के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल को सूचना मिली थी कि ज्वाली नाला के पास तीन युवक ऑटो से उतरकर गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से अलग-अलग मात्रा में गांजा बरामद हुआ। आदित्य कुचबड़िया और पंकज कुचबड़िया के पास से 7-7 किलो, जबकि कोहिनूर कुचबड़िया के पास से 6 किलो गांजा मिला। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के सागर, भोपाल और दमोह जिलों के निवासी हैं।

पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट