ताजा खबर

कोरबा की बेटी संजू देवी को कबड्डी में देश का नाम रोशन करने पर बड़ा इनाम
20-Apr-2026 10:40 AM
कोरबा की बेटी संजू देवी को कबड्डी में देश का नाम रोशन करने पर बड़ा इनाम

विश्व कप में ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ बनीं, डिप्टी सीएम ने सौंपा 50 लाख रुपये का चेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 20 अप्रैल। छत्तीसगढ़ की उभरती कबड्डी स्टार संजू देवी को राज्य सरकार ने उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया है। यह राज्य में पहली बार है जब किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी राशि दी गई है। उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित समारोह में यह राशि प्रदान की। इस अवसर पर बिलासपुर के चिंगराजपारा कबड्डी क्लब को कबड्डी मैट भी भेंट किया गया।

संजू देवी ने पिछले वर्ष बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ का खिताब हासिल किया था। फाइनल मुकाबले में भारत के 35 अंकों में से 16 अंक अकेले संजू ने जुटाए थे। सेमीफाइनल समेत अन्य मैचों में भी उनका प्रदर्शन टीम की जीत में निर्णायक रहा।

23 वर्षीय संजू कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली हैं। मजदूर परिवार से आने वाली संजू ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। वह छत्तीसगढ़ की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं जिन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया। विश्व कप के अलावा उन्होंने ईरान में आयोजित एशियाई कबड्डी चैम्पियनशिप में भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

संजू जुलाई 2023 से बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय कन्या कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं, जिसे राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित किया जाता है।

सम्मान समारोह में अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य में खेल और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है। संजू देवी ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश को दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक दिलाकर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब राज्य में इतनी प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, तो उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सरकार की है। इसी उद्देश्य से संजू को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है, ताकि प्रदेश की अन्य बेटियां भी खेलों में आगे आने के लिए प्रेरित हों।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोच दिल कुमार राठौर सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट