ताजा खबर

दो ट्रेलर में टक्कर के बाद लगी भीषण आग, एक चालक जिंदा जला
20-Apr-2026 10:39 AM
दो ट्रेलर में टक्कर के बाद लगी भीषण आग, एक चालक जिंदा जला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 20 अप्रैल। सकरी थाना क्षेत्र स्थित संबलपुरी ओवरब्रिज पर रविवार दोपहर दो ट्रेलरों की टक्कर हो गई। इसके बाद एक वाहन में भीषण आग लग गई। इस हादसे में झारखंड निवासी ट्रेलर चालक अरविंद भारद्वाज की जिंदा जलकर मौत हो गई।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कोयला लोड कर एक ट्रेलर बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओवरब्रिज पर आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। अनुमान लगाया ज  रहा है कि मृतक चालक को लंबी ड्राइविंग के कारण झपकी आ गई थी। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह ट्रेलर के अंदर ही फंस गया। आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे भीतर फंसे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी के अनुसार, ट्रेलर  के चालक ने आगे चल रहे ट्रेलर  को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद यह हादसा हुआ। फिलहाल दूसरे ट्रेलर के चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के बाद से वह फरार है।


अन्य पोस्ट