ताजा खबर

फाइल गुमने की बात से नाराज युवक ने दफ्तर की टेबल पर फैलाया बादाम
20-Apr-2026 10:39 AM
फाइल गुमने की बात से नाराज युवक ने दफ्तर की टेबल पर फैलाया बादाम

महिला अधिकारी ने इसे अपमानजनक माना, पुलिस में की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 20 अप्रैल। छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड में पदस्थ एक महिला अधिकारी ने एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में मानसिक उत्पीड़न, आपराधिक धमकी, शासकीय कार्य में बाधा और सोशल मीडिया के माध्यम से मानहानि जैसे आरोप शामिल हैं।

शिकायतकर्ता पूनम बंजारे (सहायक राज्य प्रबंधक, संपत्ति प्रबंधन) के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे वे अपने कार्यालय में कार्य कर रही थीं, तभी एक व्यक्ति बिना अनुमति उनके कक्ष में प्रवेश कर गया। आरोप है कि उसने न केवल शासकीय कार्य में हस्तक्षेप किया, बल्कि फाइल से संबंधित मामलों को लेकर दबाव बनाने की कोशिश की और अभद्र व्यवहार किया।

घटना के दौरान उक्त व्यक्ति ने अधिकारी की मेज पर बादाम फेंकते हुए कथित तौर पर कहा कि इसे खाइए, याददाश्त बढ़ेगी। उक्त व्यक्ति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है, जिसमें वह टेबल पर पैकेट खोलकर बादाम फैला रहा है। साथ ही वह कह रहा है कि इस मैडम ने एक साल से मुझे लटका रखा है, फाइल नहीं मिलने की बात पर घुमा रही है। इसीलिए बादाम लाया हूं, ताकि उनकी याददाश्त बढ़ जाए और मेरी फाइल कहां रखी है उनको याद आ जाए।

इधर, महिला अधिकारी ने शिकायत में कहा है कि आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो बिना अनुमति रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। बाद में यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जिसमें कथित तौर पर अधिकारी पर रिश्वत लेने के आरोप लगाए गए। अधिकारी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और मानहानिकारक बताया है। पुलिस ने शिकायत को जांच में लिया है।


अन्य पोस्ट