ताजा खबर

राखड़ बांध फूटने से जेसीबी सहित चालक मलबे में दबा-मौत, तीन मजदूर बाल-बाल बचे
20-Apr-2026 10:38 AM
राखड़ बांध फूटने से जेसीबी सहित चालक मलबे में दबा-मौत, तीन मजदूर बाल-बाल बचे

बार-बार चेतावनी के बावजूद लापरवाही के आरोप, लोगों में भारी आक्रोश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 20 अप्रैल। जिले के दर्री क्षेत्र स्थित राखड़ बांध में रविवार को हुए भीषण हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के इस ऐश पोंड में मरम्मत कार्य चल रहा था, तभी अचानक बांध का एक हिस्सा टूट गया। देखते ही देखते राखड़ और मलबे का तेज बहाव आसपास फैल गया।

हादसे के दौरान मौके पर काम कर रही एक जेसीबी मशीन पूरी तरह मलबे में दब गई, जिसमें सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि वहां काम कर रहे तीन मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बांध के एक हिस्से में अचानक दबाव बढ़ा और भारी मात्रा में राखड़ का प्रवाह तेजी से बाहर निकला। सुरक्षा गार्डों ने बताया कि पानी और राखड़ का बहाव इतना तेज था कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने जेसीबी चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन राखड़ के भारी दबाव के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि यह राखड़ बांध पहले भी तीन बार टूट चुका है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद प्रबंधन द्वारा लापरवाही बरतने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है।

सबसे गंभीर बात यह रही कि हादसे के समय कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे राहत और बचाव कार्य में शुरुआती देरी हुई। घटना के करीब तीन घंटे बाद तक भी विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों का आक्रोश और भड़क गया।

सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मलबे में फंसे व्यक्तियों को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चेतावनियों पर ध्यान दिया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। पुलिस ने दुर्घटना पर एफआईआर दर्ज की है, प्रबंधन की ओर मामले की जांच करने की बात कही गई है। 


अन्य पोस्ट