ताजा खबर

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और ईरान के राष्ट्रपति की फ़ोन पर क्या बातचीत हुई?
20-Apr-2026 8:56 AM
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और ईरान के राष्ट्रपति की फ़ोन पर क्या बातचीत हुई?

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने रविवार शाम को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से फ़ोन पर बात की.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पोस्ट में बताया, "दोनों नेताओं के बीच क़रीब पैंतालीस मिनट तक मौजूदा क्षेत्रीय हालात पर विस्तार से चर्चा हुई. शहबाज़ शरीफ़ ने राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान और ईरानी नेतृत्व का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने 11-12 अप्रैल को इस्लामाबाद में बातचीत के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजा."

"पीएम शहबाज़ ने ईरानी राष्ट्रपति को सऊदी अरब, क़तर और तुर्की के नेताओं से हुई मुलाक़ात के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि ये मुलाक़ातें क्षेत्र में स्थायी शांति लाने के लिए बातचीत और कूटनीति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में बहुत मददगार साबित हुईं."

पीएमओ ने बताया, "प्रधानमंत्री ने दोहराया कि दोस्तों और साझेदारों के सहयोग से पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को आगे बढ़ाने के लिए ईमानदार और सच्चे प्रयासों में पूरी तरह जुड़ा रहेगा."

एक्स पोस्ट में लिखा, "ईरानी राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर का धन्यवाद किया. साथ ही कहा कि पाकिस्तान की ओर से शांति के लिए हो रही कोशिशें सराहनीय हैं. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में ईरान और पाकिस्तान के रिश्ते और मज़बूत होंगे."

अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग को ख़त्म कराने के लिए पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है. इस्लामाबाद में एक दौर की बातचीत हो चुकी है.

अमेरिकी डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दूसरे दौर की बातचीत के लिए भी अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद जाएगा. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट