ताजा खबर
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भारतीय झंडे वाले दो जहाज़ों पर हुई फ़ायरिंग पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने यह भी बताया कि ईरान से बिना रुकावट आवाजाही के सिद्धांत का पालन करने के लिए कहा गया है.
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने श्रीलंका के कोलंबो में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "भारतीय जहाज़ों पर हुए हमले की घटना को लेकर हम बहुत चिंतित हैं. हमने ईरानी अधिकारियों से तुरंत संपर्क किया और उनके सामने गहरी चिंता ज़ाहिर की."
उन्होंने कहा, "हमने उनसे यह भी कहा कि नाविकों की सुरक्षा का सम्मान किया जाए और अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों में बिना रुकावट आवाजाही के सिद्धांत का पालन किया जाए. ये सिद्धांत होर्मुज़ स्ट्रेट पर भी लागू होते हैं."
गौरतलब है कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से भारत के झंडे वाले दो जहाज़ों पर शनिवार को फ़ायरिंग हुई थी.
इसके बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने शनिवार शाम को भारत में ईरानी राजदूत मोहम्मद फ़थाली को बुलाया था और घटना पर 'गहरी चिंता' ज़ाहिर की थी. (bbc.com/hindi)


