ताजा खबर

केंद्र ने डीए-डीआर 2% बढ़ाया, राज्य में लागू करने की मांग तेज
19-Apr-2026 9:13 PM
केंद्र ने डीए-डीआर 2% बढ़ाया, राज्य में लागू करने की मांग तेज

'छत्तीसगढ़' संवाददाता 
रायपुर, 19 अप्रैल।
केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ता (डीए) एवं महंगाई राहत (डीआर) में 2 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में भी इसे तत्काल लागू करने की मांग तेज हो गई है। केंद्र ने डीए-डीआर को 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया है, जिसका लाभ 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा।

छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के संरक्षक विजय कुमार झा और जिला अध्यक्ष पंकज नायक ने कहा है कि केंद्र सरकार ने अप्रैल माह में यह निर्णय लिया है, जो जनवरी से लागू है। ऐसे में राज्य में पहले ही चार महीने का विलंब हो चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि राज्य सरकार यदि इसे और टालती है तो त्योहारों के समय भुगतान कर एरियर्स को प्रभावित किया जा सकता है।

विजय झा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। ऐसे में डीए वृद्धि का लाभ तत्काल दिया जाना आवश्यक है।

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा, पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पी.आर. यादव, आर.के. त्रिवेदी, अशोक अग्रवाल, महामंत्री उमेश मुदलियार, सी.एल. दुबे, बी.पी. कुरील और बेनीराम गायकवाड सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री से मांग की है कि बिना विलंब किए 2 प्रतिशत डीए वृद्धि का आदेश जारी किया जाए।


अन्य पोस्ट