ताजा खबर

प्रदेश के 13 शहरों में पारा 40 से 44 डिग्री पर रहा
19-Apr-2026 9:03 PM
प्रदेश के 13 शहरों में पारा 40 से 44 डिग्री पर रहा

रायपुर, 19 अप्रैल। प्रदेश के 13 शहरों में पारा 40 ही नहीं 44 भी पार कर गया। सर्वाधिक 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राजनांदगांव टाप पर रहा जबकि राजधानी रायपुर में 44 डिग्री दर्ज किया गया। दुर्ग 43.6,बिलासपुर43.4और बेमेतरा 43.1 डिग्री पर रहे। सक्ती 42.2, बालोद 42, रायगढ़, कोरबा, जीपीएम, सरगुजा कोरिया बलरामपुर में 40-41 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। 

इधर 38-39 डिग्री सेल्सियस में उबल रहे वनाच्छादित दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर में कल  20 अप्रैल को  एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।  

वहीं प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। 

प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। 
बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। 

बारिश के कारण के संबंध में  मौसम विभाग ने बताया कि एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से तटीय उड़ीसा तक झारखंड होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरा उत्तर दक्षिण द्रोणी का मन्नार की खाड़ी से उत्तर अन्दरूनी कर्नाटक तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक बिहार, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग, बांग्लादेश होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।एक प्रति चक्रवात अंदरुनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना तथा उत्तर अंदरुनी कर्नाटक तक 3.1 कम से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।


अन्य पोस्ट