ताजा खबर

सट्टा दुर्ग पुलिस का शिकंजा : कल्याण-राजधानी गेम खिलाने वाला एक और गिरफ्तार, 'फ्लिप' फोन जप्त
19-Apr-2026 7:31 PM
सट्टा दुर्ग पुलिस का शिकंजा : कल्याण-राजधानी गेम खिलाने वाला एक और गिरफ्तार, 'फ्लिप' फोन जप्त

भिलाई नगर, 19 अप्रैल। दुर्ग जिले में अवैध सट्टा और जुआ के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी है। इसी कड़ी में वैशाली नगर पुलिस ने 'कल्याण' और 'राजधानी' नामक सट्टा गेम के जरिए अवैध कारोबार करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में दर्ज मामले में सह-आरोपी था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा।

​जवाहर नगर पुलिया के पास बिछाया गया था जाल

मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 को जवाहर नगर पुलिया के पास सट्टा खिलाने की सूचना मिली थी। उस दौरान की गई कार्रवाई के बाद पुलिस अन्य कड़ियों को जोड़ रही थी। 

विवेचना के दौरान इस काले कारोबार में संलिप्त एक अन्य मास्टरमाइंड का नाम सामने आया, जिसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी और जप्ती का विवरण

​गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष शर्मा उर्फ संतन के रूप में हुई है। आरोपी के पास से सट्टा संचालन में उपयोग किया जाने वाला कीमती मोबाइल बरामद हुआ है। ​आरोपी संतोष शर्मा उर्फ संतन (40 वर्ष) न्यू हाउसिंग बोर्ड कैलाश नगर भिलाई निवासी है। उससे एक सैमसंग गैलेक्सी जेड फ्लिप-6 मोबाइल भी जब्त किया गया है। ​आरोपी संतोष शर्मा के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के कड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से स्पष्ट कहा है कि वे सट्टा और ऑनलाइन गेमिंग जैसे अवैध प्रलोभनों से दूर रहें। यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।


अन्य पोस्ट