ताजा खबर
साय-अरूण सिंह ने कांग्रेस को घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अप्रैल। संसद में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। सीएम विष्णुदेव साय ने रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह के साथ मीडिया से चर्चा में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
साय ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लेकर देशभर में सकारात्मक माहौल था, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते यह संभव नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और ‘इंडी गठबंधन’ ने महिलाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया है और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘नारी गौरव वर्ष’ के रूप में घोषित किया है। प्रदेश में महिलाओं के सम्मान के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्थानीय निकायों और पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी 57 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जबकि विधानसभा में यह लगभग 21-22 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास और उज्ज्वला गैस जैसी योजनाओं का लाभ महिलाओं के नाम पर दिया जा रहा है। साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को लाभान्वित किया गया है और लगभग 17 हजार करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में हस्तांतरित किए गए हैं।
साय ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को संसद और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम है, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका समर्थन नहीं किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर धर्म के आधार पर आरक्षण की मांग उठाने का आरोप लगाते हुए इसे महिलाओं के साथ अन्याय बताया।
इस दौरान अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष ने सहयोगी दलों के साथ मिलकर विरोध किया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार के समय लाए गए प्रावधानों को यथावत रखा गया है। कई लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में असमानता है, जिसे संतुलित करने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी है और यही संविधान की मूल भावना के अनुरूप है।


