ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 अप्रैल। संविधान के निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर के खिलाफ इंस्टाग्राम पर अभद्र टिप्पणी करने वाली भिलाई की एक युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार भिलाई के सुपेला निवासी लॉ प्रथम वर्ष की छात्रा अनामिका उपाध्याय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (इंस्टाग्राम) पर एक वीडियो रील पोस्ट की थी। इस वीडियो में डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर के प्रति अत्यंत अपमानजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था। यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया, जिससे बाबा साहेब के अनुयायियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
भारतीय बौद्ध महासभा ने दर्ज कराई शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए द बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया की छत्तीसगढ़ इकाई ने रायपुर के साइबर सेल और सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। महासभा के पदाधिकारियों ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया कि उक्त वीडियो से समाज की शांति भंग हो सकती है और लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। संगठन ने आरोपी युवती की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
दुर्ग पुलिस की कार्रवाई
रायपुर से प्राप्त शिकायत और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। आरोपी अनामिका उपाध्याय भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र की निवासी है, जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने युवती के खिलाफ कानून की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कानून का उल्लंघन पड़ेगा भारी
दुर्ग पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी महापुरुष या धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और ऐसी किसी भी सामग्री को साझा न करें जिससे सामाजिक सद्भाव बिगड़ने का खतरा हो।


