ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 अप्रैल। जुना बिलासपुर में एक छोटी सी कहासुनी का अंजाम हत्या के प्रयास तक पहुंच गयाष धक्का देने से गिरे एक बुजुर्ग व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के करीब 20 दिन बाद भी पीड़ित कोमा में हैं, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी है।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी 70 वर्षीय गणेश यादव 26 मार्च को कालिका पान ठेले पर काम करने पहुंचा था। सुबह करीब 10:30 बजे इंद्र पटेल उर्फ बड़े गुड्डू वहां आया और किसी बात को लेकर उनसे बहस करने लगा।
बताया गया कि जब गणेश यादव ने उसे समझाने की कोशिश की, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगते ही वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में चोट आई।
घटना के बाद उन्हें पहले सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर रायपुर रेफर किया गया। फिलहाल वह बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर और कोमा में है।
पीड़ित की पत्नी जमुना यादव की शिकायत पर पहले मामूली मारपीट का केस दर्ज किया गया था। लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में चोटों को जानलेवा पाए जाने के बाद पुलिस ने केस में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने आरोपी इंद्र पटेल उर्फ बड़े गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है।


