ताजा खबर
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने लोकसभा में अलग-अलग दलों की महिला सांसदों की संख्या का हवाला देकर पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया एक्स पर पीएम मोदी को संबोधित करते हुए कहा है, "लोकसभा में सभी पार्टियों के मुक़ाबले आपकी पार्टी में महिलाओं का प्रतिशत सबसे कम है. 543 सीटों के आधार पर महिला आरक्षण अभी लागू करें. कौन सी बात आपको रोक रही है? जुमलेबाजी नहीं चलेगी."
उन्होंने एक लिस्ट साझा कर दावा किया है कि सबसे ज़्यादा सांसद होने के बाद भी बीजेपी की महिला सांसदों की संख्या का अनुपात प्रमुख राजनीति दलों में सबसे कम है.
महुआ मोइत्रा ने बताया है कि बीजेपी के 240 लोकसभा सांसदों में 31 महिलाएं है और यहां उनकी संख्या महज़ 12.90% है.
जबकि कांग्रेस के 98 सांसदों में 14 यानी 14.30% और टीएमसी के 29 में 11 महिला सांसद हैं. इस तरह लोकसभा में टीएमसी के कुल सांसदों में 37.90% महिलाएं हैं.
जबकि समाजवादी पार्टी में 37 में 5 यानी 13.50% महिला सांसद हैं.
लोकसभा में शुक्रवार को 131वां संविधान संशोधन बिल पेश हुआ और इस पर वोटिंग हुई, लेकिन यह बिल लोकसभा में पास नहीं हो सका.
बिल गिरने के बाद एक्स पर पोस्ट कर गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "अब देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 फ़ीसदी आरक्षण, जो उनका अधिकार था, वह नहीं मिल पाएगा. कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने यह पहली बार नहीं किया, बल्कि बार-बार किया है. उनकी यह सोच न महिलाओं के हित में, न देश के हित में है."
मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "ये संविधान पर हमला था, और इसको हमने हरा दिया है तो अच्छी बात है."
राहुल गांधी ने कहा, "हमने साफ़ कहा है कि ये महिला बिल नहीं है, भारत का जो चुनावी ढांचा है उसे बदलने की कोशिश है. मैं प्रधानमंत्री से कह रहा हूं कि अगर आप महिला बिल चाहते हैं तो 2023 का महिला बिल लाइये और उसे आज से लागू कीजिए और पूरा विपक्ष 100 फ़ीसदी आपको समर्थन देगा." (bbc.com/hindi)


