ताजा खबर
राजधानी का पहला ग्रीन कारीडोर सफल
रायपुर, 18 अप्रैल। किडनी ट्रांसप्लांट के लिए एम्स हॉस्पिटल से श्रीबालाजी हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एम्बुलेंस को महज 15 मिनट में सुरक्षित पहुंचाया गया। यह शहर में पहला ग्रीन कारीडोर बताया गया है।
एम्स के डॉक्टर वरुण ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाने की आवश्यकता से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर ने तुरंत निर्देश जारी किए, जिसके बाद यातायात पुलिस रायपुर ने सक्रियता दिखाते हुए पूरे मार्ग को खाली कर निर्बाध रास्ता तैयार किया।
किडनी लेकर एम्बुलेंस दोपहर 2:02 बजे एम्स से रवाना हुई और मात्र 2:17 बजे श्रीबालाजी हॉस्पिटल पहुंच गई। यातायात पुलिस के उत्कृष्ट समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते एम्बुलेंस को बिना किसी बाधा के गंतव्य तक पहुंचाया गया। उसके बाद पेंड्रा निवासी 39 वर्षीय मरीज का सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 39 वर्षीय सुनील कुमार ने अपनी किडनी दान की।
इस सराहनीय कार्य के लिए रायपुर पुलिस और यातायात विभाग की प्रशंसा की जा रही है।


