ताजा खबर
6 की हालत नाजुक
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर,18 अप्रैल। अंबिकापुर-बतौली नेशनल हाईवे-43 पर ग्राम सिलसिला स्थित कलकत्ता ढाबा के पास शनिवार को ट्रक और दो कारों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 7 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ट्रक (क्रमांक ओडी 9 एक्स 2300) रायगढ़ की ओर से अंबिकापुर की तरफ आ रहा था, जबकि अंबिकापुर से रायगढ़ की ओर जा रही एक क्रेटा कार (सीजी13 एएन 9801) और एक इनोवा कार (सीजी 13 बीए 9990) सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसमें क्रेटा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय क्रेटा कार में 5 लोग और इनोवा कार में 2 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे-43 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सूचना मिलते ही रघुनाथपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को पुन: सुचारू कराया।
प्राथमिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के दौरान संतुलन बिगडऩा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे ढाबों के सामने ट्रकों की सड़क पर खड़ी रहने की समस्या भी दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बनती जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


