ताजा खबर

शादी के दूसरे दिन दूल्हे ने लगाई फांसी, दुल्हन व माँ-बाप सदमे में
18-Apr-2026 5:56 PM
शादी के दूसरे दिन दूल्हे ने लगाई फांसी, दुल्हन व माँ-बाप सदमे में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 18 अप्रैल। शादी के मंडप में सात फेरे लेकर सात जनम साथ निभाने का सपना लिए मायके से ससुराल पहुंची दुल्हन की दुनिया दो दिन में ही उजड़ गई, उजाडऩे वाला कोई दूसरा नहीं बल्कि उसका जीवन साथी दूल्हा ही है।

हाथों की मेंहदी और सुहाग सेज के फूलों की रंगत भी फिकी नहीं पड़ी थी कि शादी का सुर्ख जोड़ा सफेद लिबास में बदल गया। घटना कुरुद थाना के ग्राम कन्हारपुरी की है जहाँ एक दूल्हे ने शादी के दूसरे दिन ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

 प्राप्त जानकारी अनुसार कुरूद थाना अंतर्गत ग्राम कन्हारपुरी निवासी सिद्ध्वेश्वर पिता रामजोहन कंवर 28 साल का विवाह 16 अप्रैल को महासमुंद के पास ग्राम डोकरपाली में सम्पन्न हुआ। 17 अप्रैल की रात रिसेप्शन और आशीर्वाद कार्यक्रम में सगे संबंधियों एवं ईष्ट मित्रों ने नाच गाकर नवविवाहित जोड़ी को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।

अगली सुबह दुल्हन जब नहाने कमरे से बाहर गई तो दुल्हे ने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर पंखे में दुपट्टे से फांसी लगा ली। आवाज देने पर जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिडक़ी से झांक कर देखा तो सिद्धेश्वर की लाश पंखे में लटक रही है। जिससे घर में कोहराम मच गया।

मां बाप ने जिस बेटे की शादी  धूमधाम से किया उसकी ऐसे मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। सबका रो रो कर बुरा हाल हो गया है, और दुल्हन की दुनिया उजड़ गई। जिसके साथ सात जन्म साथ निभाने का निश्चय कर वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने वाली दुल्हन पति को फंदे पर लटकता देख बेसुध हो गिर पड़ी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाश का पीएम कराने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। एसडीओपी रागनी मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में नशे का कनेक्शन मिला है, आगे जांच में इसका खुलासा हो सकता है।


अन्य पोस्ट