ताजा खबर
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच समझौते के लिए बातचीत जारी है और अब सिर्फ कुछ मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है.
तुर्की में अंतालिया डिप्लोमेसी फ़ोरम में बोलते हुए इसहाक़ डार ने कहा, "दोनों पक्षों के बीच सिर्फ कुछ मुद्दों पर सहमति बननी बाकी है. हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और हम समझौते तक पहुंचने के लिए मेहनत कर रहे हैं क्योंकि इससे पूरी दुनिया को फ़ायदा होगा."
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इसहाक़ डार ने कहा, "हम अधूरे मुद्दों पर सहमति बनाने और अंतर को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं. लेबनान में युद्धविराम हो चुका है और अब अच्छी खबर यह है कि ईरान ने बिना किसी शर्त के जहाज़ों के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट का रास्ता फिर से खोल दिया है."
इसहाक़ डार ने कहा, "हम बहुत आशावादी हैं कि बाकी बची हुई बातचीत भी पूरी हो जाएगी."
ईरान और अमेरिका के बीच जल्द अगले दौर की बातचीत होने की उम्मीद जताई जा रही है. पहले दौर की बातचीत पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुई थी. (bbc.com/hindi)


