ताजा खबर

शादी के लिए दबाब? सीयू की छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम
15-Apr-2026 12:11 PM
शादी के लिए दबाब? सीयू की छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 15 अप्रैल। केंद्रीय विश्वविद्यालय में विधि संकाय की 20 वर्षीय छात्रा ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में परिवारिक विवाद और शादी के दबाव को कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना कोनी थाना क्षेत्र के रिवर व्यू कॉलोनी की है। मंगलवार सुबह जब छात्रा अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो आसपास रहने वाले छात्रों को संदेह हुआ। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

मृतका सृष्टि गुप्ता रायगढ़ की निवासी थी और गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीए एलएलबी. सेकेंड ईयर की छात्रा थी। वह पिछले दो वर्षों से कोनी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले छात्रा का अपने पिता से विवाद हुआ था। कोनी थाना प्रभारी राजश्री कोसले के अनुसार, परिवार ने बताया कि सृष्टि का स्वभाव थोड़ा गुस्सैल था और इसी कारण विवाद हुआ था। इसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

घटनास्थल पर मौजूद सहपाठियों के बीच यह भी चर्चा रही कि छात्रा पर परिवार की ओर से शादी को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। एक छात्र ने बताया कि सृष्टि सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ थी और मंगलवार तड़के करीब 4 बजे घर लौटी थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।  


अन्य पोस्ट