ताजा खबर
लखनऊ, 12 अप्रैल । प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज की अगुवाई में तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में रविवार को यहां लखनऊ सुपर जायंट्स को आठ विकेट पर 164 रन पर रोक दिया।
प्रसिद्ध ने चार ओवर में 28 रन देकर चार विकेट लिए। उन्हें मोहम्मद सिराज (चार ओवर में 19 रन पर एक विकेट) और अशोक शर्मा (चार ओवर में 32 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। कागिसो रबाडा को भी एक सफलता मिली, लेकिन उन्होंने चार ओवर में 54 रन लुटाए। राशिद खान ने चार ओवर में 25 रन दिए।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एडेन मारक्रम ने सबसे ज्यादा 30 रन का योगदान दिया। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया।
कप्तान ऋषभ पंत (18), निकोलस पूरन (19), अब्दुल समद (18) और मुकुल चौधरी (18) ने क्रीज पर समय बिताने के बाद अपने विकेट गंवा दिए।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मिचेल मार्श (चार गेंद में 11 रन) ने दूसरे ओवर में रबाडा का स्वागत लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर किया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के इस अनुभवी गेंदबाज ने धीमी गेंद पर उन्हें चकमा देकर गिल के हाथों कैच करा दिया।
मारक्रम ने इस ओवर का अंत चौके से किया, जिससे टीम ने 19 रन बटोरे।
दूसरे छोर से सिराज ने 11 गेंद की पारी में एक छक्का और एक चौका लगाने वाले पंत को आउट कर सुपर जायंट्स को बड़ा झटका दिया।
मारक्रम ने अशोक शर्मा की गेंद पर लांग-ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर छठे ओवर में टीम का अर्धशतक पूरा किया। पावरप्ले के बाद सुपर जायंट्स का स्कोर दो विकेट पर 60 रन हो गया।
मारक्रम अगले ओवर में दो बार आउट होने से बचे, लेकिन प्रसिद्ध की गेंद पर लगातार तीसरी बार बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह गेंद को वाशिंगटन सुंदर के हाथों में खेल गए।
प्रसिद्ध ने अपने अगले ओवर में बडोनी को चलता किया, जिसके बाद सुपर जायंट्स के बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करने लगे। टीम ने आठवें से 12वें ओवर के बीच सिर्फ 18 रन बनाए।
समद ने रबाडा की गेंद पर लगातार चौकों के साथ 33 गेंदों की बाउंड्री के सूखे को खत्म किया। दूसरे छोर से अब तक 14 गेंद में छह रन बनाने वाले पूरन ने राशिद के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्के जड़कर रन गति को तेज किया।
राशिद ने इसी ओवर में अपनी गेंद पर समद का कैच टपकाकर जीवनदान दिया, लेकिन प्रसिद्ध ने धीमी गेंद पर पूरन को पवेलियन की राह दिखा दी।
अशोक ने समद को चलता किया, तो वहीं पिछले मैच में सुपर जायंट्स को जीत दिलाने वाले मुकुल चौधरी कुछ खास नहीं कर सके।
उन्होंने रबाडा के खिलाफ छक्का लगाया, लेकिन प्रसिद्ध की बाउंसर गेंद को विकेटकीपर के हाथों में खेल गए।
बडोनी की जगह ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर आए जॉर्ज लिंडे (10 गेंद में 16 रन) और मोहम्मद शमी (पांच गेंद में नाबाद 12) ने आखिरी दो ओवरों में 33 रन बटोरकर टीम को 164 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
लखनऊ सुपर जायंट्स पारी:
एडेन मारक्रम का सुंदर बो कृष्णा 30
मिचेल मार्श का गिल बो रबाडा 11
ऋषभ पंत का तेवतिया बो सिराज 18
आयुष बडोनी का फिलिप्स बो कृष्णा 9
निकोलस पूरन का गिल बो कृष्णा 19
अब्दुल समद का फिलिप्स बो अशोक 18
मुकुल चौधरी का बटलर, बो प्रसिद्ध 18
जॉर्ज लिंडे का स्थानापन्न बो अशोक 16
मोहम्मद शमी नाबाद 12
आवेश खान नाबाद 4
अतिरिक्त: 9
कुल योग: (20 ओवर में 8 विकेट पर 164 रन)
विकेट पतन: 1-14, 2-45, 3-69, 4-74, 5-109, 6-118, 7-131, 8-157
गेंदबाजी:
सिराज 4-0-19-1
रबाडा 4-0-54-1
अशोक 4-0-32-2
प्रसिद्ध 4-0-28-4
राशिद 4-0-25-0
जारी (भाषा)


