ताजा खबर

बजट से पहले भाजपा में कलह, मेयर–पार्षद आमने-सामने, कांग्रेस से कनेक्शन का आरोप
12-Apr-2026 1:23 PM
बजट से पहले भाजपा में कलह, मेयर–पार्षद आमने-सामने, कांग्रेस से कनेक्शन का आरोप

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 12 अप्रैल। नगर निगम की 13 अप्रैल को प्रस्तावित सामान्य सभा और बजट पेश होने से ठीक पहले सत्ताधारी भाजपा में अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ गए। शनिवार को पार्टी कार्यालय में पार्षद दल की बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर मेयर और एक पार्षद के बीच तीखी बहस हो गई।

बैठक में शहर के विधायक स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित रहे, वहीं तखतपुर, बेलतरा और बिल्हा के विधायक भी नहीं पहुंचे। जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर और मोहित जायसवाल की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई, लेकिन वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी के कारण चर्चा जल्द ही आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई।

पार्षद रंगा नादम ने सफाई ठेका संभालने वाली दिल्ली लायंस कंपनी के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो कचरा उठ रहा है और न ही डिवाइडर व फुटपाथ की सफाई हो रही है, इसके बावजूद कंपनी को 5 प्रतिशत दर वृद्धि और अनुबंध विस्तार दिया गया। इस मुद्दे पर बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कांग्रेस से जुड़े होने और उनके पक्ष में काम करने तक के आरोप लगा दिए।

बैठक के दौरान कई पार्षदों ने यह भी कहा कि सफाई कंपनी को हर माह करीब 4 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है, जबकि काम संतोषजनक नहीं है।

हालांकि, मेयर पूजा विधानी ने किसी भी विवाद से इनकार करते हुए कहा कि बैठक में केवल सफाई व्यवस्था को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया था, कोई विवाद नहीं हुआ।


अन्य पोस्ट