ताजा खबर
ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने की झूठी कहानी का पुलिस ने पर्दाफाश किया
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 12 अप्रैल। रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन के दौरान एक नाबालिग की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी रेत माफिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
9 अप्रैल 2026 की रात करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गढ़वट में खारंग नदी किनारे रेत परिवहन के दौरान 17 वर्षीय अमित कश्यप की मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया इसे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुई दुर्घटना बताया गया। लेकिन जब थाना रतनपुर पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की, तो सच्चाई कुछ और ही निकली।
जांच में पता चला कि आरोपी तोषण कश्यप (34 वर्ष) अवैध रेत खनन करवा रहा था। अधिक रेत निकालने के लालच में उसने नदी में 6-7 फीट गहरे गड्ढे में काम कराया, जबकि उसे यह मालूम था कि गड्ढा कभी भी धंस सकता है। इसी दौरान गड्ढा धंस गया, जिससे नाबालिग अमित कश्यप की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक अमित यादव घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने के लिए ट्रैक्टर को वहां से हटाकर ट्रॉली पलट दी और इसे सड़क हादसा बताने की कोशिश की। लेकिन पुलिस जांच में यह झूठ उजागर हो गया। प्रशिक्षु थाना प्रभारी आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 238(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


