ताजा खबर
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति की मांग- सितंबर तक का पूरा शेड्यूल एक साथ जारी हो, तीन साल का स्थायी करार भी जरूरी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 12 अप्रैल। गर्मी की छुट्टियों का सीजन शुरू होते ही जहां लोग एक महीने पहले यात्रा की योजना बना लेते हैं, वहीं बिलासपुर एयरपोर्ट से उड़ानों को लेकर अनिश्चितता ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थिति यह है कि लोगों को भरोसा नहीं है कि 15 दिन बाद भी यहां से फ्लाइट चलेगी या नहीं, जिसके चलते कई यात्री रायपुर से टिकट बुक करने को मजबूर हैं।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस अव्यवस्था पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार और एलायंस एयर से संयुक्त रूप से पूरे समर सीजन सितंबर तक का फ्लाइट शेड्यूल एक साथ जारी करने की मांग की है। समिति का कहना है कि 28 मार्च को विंटर शेड्यूल खत्म होने के बाद पहले 15 अप्रैल तक और फिर 30 अप्रैल तक का अस्थायी शेड्यूल जारी किया गया, वह भी देरी से। इससे यात्रियों का भरोसा कमजोर हो रहा है।
समिति के अनुसार, अधिकांश यात्री 8-10 दिन पहले टिकट बुक करते हैं, लेकिन बार-बार बदलते शेड्यूल के कारण बुकिंग प्रभावित हो रही है। इसका गलत आकलन कर कम यात्रियों का हवाला दिया जाता है, जबकि असली समस्या अनिश्चितता है।
समिति ने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के बावजूद उड़ानों का संचालन एड-हॉक तरीके से हो रहा है। केंद्र की योजना की तरह न्यूनतम तीन साल का करार होना चाहिए, ताकि सेवाएं नियमित और भरोसेमंद बन सकें।
इधर, समिति का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा, जिसमें शहर के कई नागरिकों ने भाग लेकर हवाई सेवाओं में स्थिरता की मांग दोहराई।


