ताजा खबर

अवैध खनन रोकने पहुंचे वनकर्मियों पर रेत माफियाओं का हमला
12-Apr-2026 1:03 PM
अवैध खनन रोकने पहुंचे वनकर्मियों पर रेत माफियाओं का हमला

तीन घायल; एक को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

मुंगेली, 12 अप्रैल। जिले के लोरमी वनमंडल अंतर्गत खुडिया रेंज में अवैध रेत खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर रेत माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीन वनकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8 बजे अवैध खनन की शिकायत मिलने पर वन विभाग की छह सदस्यीय टीम झिरिया गांव स्थित भुकुनाला (कम्पार्टमेंट नंबर 481) पहुंची। मौके पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन होते पाया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए अन्य वाहनों की तलाश की, जहां पांच और वाहन सक्रिय मिले। हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन लेकर भाग निकले, लेकिन दो वाहनों को जब्त कर लिया गया।

रात करीब 11:20 बजे जब टीम जब्त वाहनों को मुख्य मार्ग की ओर ला रही थी, तभी गांव के कुछ आरोपियों ने अंधेरे में घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में बीट गार्ड निलेश सोनकर, योगेश बरेठ और अभिषेक बर्मन घायल हो गए। अभिषेक बर्मन के सिर और कंधे में गंभीर चोट आने पर उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया, जबकि अन्य दो को प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर वनकर्मियों की जान बचाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट