ताजा खबर

अमेरिका-ईरान के बीच अगले दौर की बातचीत के बारे में ईरानी सरकारी मीडिया ने क्या बताया
12-Apr-2026 12:31 PM
अमेरिका-ईरान के बीच अगले दौर की बातचीत के बारे में ईरानी सरकारी मीडिया ने क्या बताया

बीबीसी उर्दू सेवा के मुताबिक़, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ हुई बातचीत के मुख्य बिंदुओं के बारे में बताया है.

तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार, इस्लामाबाद पहुँचने के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख से कम से कम दो बार और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री से एक बार मुलाक़ात की.

ये बैठकें ज़रूरी व्यवस्थाओं और वार्ता की शुरुआत में अमेरिका की ओर से किए गए वादे के उल्लंघन के ख़िलाफ़ औपचारिक विरोध दर्ज कराने के लिए हुईं.

ईरानी समाचार एजेंसी ने दावा किया कि अमेरिका से बातचीत के दौरान ईरान ने बार-बार अपने प्रस्ताव रखे और अमेरिकी पक्ष को वास्तविकता की ओर लाने की कोशिश की.

ईरानी समाचार एजेंसी ने कहा, "हालांकि, हर स्तर पर अमेरिका की अत्यधिक मांगों ने एक साझा ढांचे तक पहुंचने में अड़चन पैदा की. अमेरिकी रुख़ में लचीलेपन की कमी के कारण रविवार, 12 अप्रैल को वार्ता बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई."

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि अगले दौर की वार्ता के समय, स्थान और प्रक्रिया के संबंध में अब तक कोई घोषणा नहीं हुई है.

इससे पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अमेरिका रवाना होने से पहले एक संक्षिप्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, "हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके. हमने अपनी सीमाएं स्पष्ट कर दी हैं और ईरान ने हमारी शर्तें मानने से इनकार कर दिया है."

उन्होंने यह भी कहा, "मुझे लगता है कि हमने काफ़ी लचीलापन दिखाया. राष्ट्रपति ट्रंप ने हमसे कहा था कि आपको अच्छी मंशा के साथ (बातचीत में) जाना होगा और समझौते तक पहुंचने के लिए पूरी कोशिश करनी होगी. हमने ऐसा किया, लेकिन दुर्भाग्य से कोई प्रगति नहीं हुई."(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट