ताजा खबर
बस्तर प्लान पर 'छत्तीसगढ़' की सीएम से विशेष चर्चा
शशांक तिवारी
रायपुर, 8 अप्रैल (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। नक्सलवाद के खात्मे के बाद सीएम विष्णु देव साय ने बस्तर के समग्र विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। उनका मानना है कि दशकों तक नक्सल हिंसा का दंश झेल चुके आदिवासी समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना अब सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी दिशा में राज्य सरकार 1 जून से बस्तर के बीपीएल आदिवासी परिवारों को मुफ्त गाय देने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू करने जा रही है।
साय ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर के विकास की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में 'छत्तीसगढ़' से अनौपचारिक चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि नक्सल आतंक के कारण बस्तर लंबे समय तक विकास से वंचित रहा, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और आदिवासियों के जीवन स्तर को ऊपर उठाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि सरकार पहले से ही बुनियादी विकास कार्यों को गति दे रही है, और अब आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत आदिवासी परिवारों को दो-दो देशी नस्ल की गायें दी जाएंगी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ एमओयू किया जा चुका है।
आदिवासी परिवार को गाय पालने, और गायों के इलाज आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कह चुके हैं कि बस्तर विकसित संभाग बनेगा, इस दिशा में काम शुरू हो चुका है।
साय ने यह भी स्पष्ट किया कि आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों और उनके परिवारों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले नक्सली गांवों से बच्चों को जबरन ले जाते थे, जिससे कई परिवार प्रभावित हुए। अब सरकार ऐसे परिवारों के पुनर्वास और बेहतर भविष्य के लिए ठोस कदम उठा रही है।
सीएम ने बताया कि उन्होंने स्वयं आत्मसमर्पित नक्सलियों से संवाद किया है। बातचीत के दौरान यह सामने आया कि आत्मसमर्पण के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और वे संतुष्ट हैं। सरकार उनकी हर संभव सहायता सुनिश्चित कर रही है।
पीएम मोदी से मुलाकात को लेकर साय ने कहा कि चर्चा बेहद सकारात्मक रही और उन्होंने बस्तर विकास योजना की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। पीएम ने अगस्त-सितंबर के दौरान बस्तर दौरे पर आने की सहमति भी जताई है।
आप पहले सीएम हैं, जो सेवा तीर्थ में आए हैं..
साय ने यह भी बताया कि उनकी मुलाकात नए पीएमओ ‘सेवा तीर्थ’ में हुई, जिसका उद्घाटन हाल ही में 13 फरवरी को हुआ है। पीएम ने साय से कहा कि 'आप पहले मुख्यमंत्री हैं, जो सेवा तीर्थ में आए हैं।'


