ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 8 अप्रैल। लंबे समय से की जा रही मांग और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर–येलहंका–बिलासपुर स्पेशल ट्रेन को अब नियमित ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने इसके लिए विशेष प्रयास किया था।
इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लिखित पत्र के माध्यम से जानकारी दी है। उनसे चर्चा के दौरान साहू ने इस रूट पर लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या और नियमित ट्रेन की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था।
ट्रेन 18261/18262 बिलासपुर–येलहंका एक्सप्रेस के नियमित चलने से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत, विशेषकर बेंगलुरु (येलहंका) तक यात्रा के लिए एक स्थायी और भरोसेमंद विकल्प मिलेगा। साहू ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।


