ताजा खबर

शहरभर में लगेंगे जनभागीदारी से सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे
08-Apr-2026 1:02 PM
शहरभर में लगेंगे जनभागीदारी से सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे

यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा और अपराधियों की पहचान पर होगा फोकस

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 8 अप्रैल। शहर में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘त्रिनेत्र सेवा समिति’ की अहम बैठक तारबाहर स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में जनभागीदारी के माध्यम से बड़े पैमाने पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि अपराधों पर त्वरित नियंत्रण और आरोपियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि तकनीक के जरिए निगरानी बढ़ाकर शहर को अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा।

समिति के विस्तार के तहत सांसद और विधायक के साथ बिलासपुर संभाग के आयुक्त तथा पुलिस महानिरीक्षक को एक्स-ऑफिशियो चीफ पैट्रन बनाया जाएगा।
इसके अलावा कलेक्टोरेट, एसएसपी कार्यालय, नगर निगम, जिला पंचायत, रेलवे, एसईसीएल, एनटीपीसी, अपोलो अस्पताल और रेडक्रॉस के वरिष्ठ अधिकारियों को एक्स-ऑफिशियो पैट्रन के रूप में शामिल किया जाएगा।

तकनीकी समिति में स्मार्ट सिटी परियोजना, साइबर सेल और विषय विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। वहीं कार्यकारी प्रबंधन समिति में रामावतार अग्रवाल को अध्यक्ष, नवदीप अरोरा को कार्यकारी अध्यक्ष, सतीश शाह को सचिव, मनीष सखूजा को कोषाध्यक्ष तथा ललित अग्रवाल को संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। करीब 60 सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी समिति में सदस्य बनाया गया है।

निर्णय लिया गया कि समिति का प्रशासनिक कार्यालय इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से ही संचालित होगा। बैठक में शहर में पहले से लगे सीसीटीवी नेटवर्क और उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी साझा की गई, जिसकी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की।

बैठक में सुझाव दिया गया कि इस अभियान में बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर के हर हिस्से को इसका लाभ मिल सके।


अन्य पोस्ट