ताजा खबर

पश्चिम एशिया संघर्ष का फायदा उठाने के लिए कांग्रेस ‘राजनीतिक गिद्ध’ की तरह घात लगाए हुए है:मोदी
31-Mar-2026 8:52 PM
पश्चिम एशिया संघर्ष का फायदा उठाने के लिए कांग्रेस ‘राजनीतिक गिद्ध’ की तरह घात लगाए हुए है:मोदी

थराद(गुजरात), 31 मार्च। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि जहां दुनिया युद्ध, अशांति और ईंधन की बढ़ती कीमतों का सामना कर रही है वहीं भारत ने अपनी मजबूत विदेश नीति और अपने लोगों की एकजुटता के कारण इस स्थिति का मुकाबला प्रभावी ढंग से किया है।

मोदी ने कांग्रेस पर लोगों में दहशत फैलाने का आरोप लगाया ताकि लोग पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगा सकें। उन्होंने मुख्य विपक्षी पार्टी की तुलना ‘राजनीतिक गिद्धों’ से करते हुए कहा कि वह (पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न) स्थिति का राजनीतिक फायदा उठाने की फिराक में है।

मोदी ने गुजरात के वाव थराद जिले के नानी गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ऐसे समय में जब दुनिया युद्ध, अशांति और बढ़ती ईंधन कीमतों से जूझ रही है, भारत ने अपनी मजबूत विदेश नीति और अपने लोगों की एकजुटता के कारण स्थिति को प्रभावी ढंग से संभाला है।’’

उन्होंने कहा कि कुछ दल, विशेषकर कांग्रेस, राष्ट्रीय एकता का समर्थन करने के बजाय दहशत और भय फैलाकर स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।

मोदी ने कहा,‘‘आज कांग्रेस लोगों को उकसाने में व्यस्त है। राजनीतिक गिद्धों की तरह, यह (कांग्रेस) स्थिति के बिगड़ने की प्रतीक्षा कर रही है ताकि इसका फायदा उठाकर राजनीतिक बढ़त हासिल की जा सके।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में 10 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है, लेकिन केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि इसका बोझ आम जनता पर न पड़े।

उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस देश में अफरा-तफरी का माहौल बनाना चाहती है। वह उम्मीद कर रही है कि लोग पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर कतार लगाने के लिए विवश हो जाएंगे।’’

मोदी ने कहा कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में विश्व का अग्रणी देश बनकर उभरेगा।

उन्होंने दावा किया कि पश्चिम एशिया की परिस्थितियों ने हर देश को प्रभावित किया है, लेकिन भारत ने स्थिति को अच्छी तरह से संभाला है।

मोदी ने विपक्ष पर अपना हमला जारी रखते हुए कहा कि वे अराजकता फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारत किसी भी संकट का सामना करने में सक्षम है। हालांकि, कांग्रेस लोगों को पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें लगाने और अव्यवस्था फैलाने के लिए उकसाने की कोशिश कर रही है।’’ (भाषा)


अन्य पोस्ट