ताजा खबर
श्रीनगर, 31 मार्च। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में भारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से एक स्कूल के छात्रावास में फंसे 30 छात्रों और चार शिक्षकों समेत कुल 34 लोगों को सेना ने मंगलवार को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार रफियाबाद (बारामूला) के वाटरगाम क्षेत्र में लगातार और तेज बारिश के चलते एक नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे स्थानीय स्कूल के छात्रावास में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए और वहां मौजूद 30 छात्र तथा चार शिक्षक फंस गए। उनके सुरक्षित बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था।
स्थानीय लोगों ने पास में तैनात सेना की इकाई से मदद मांगी, जिसके बाद तुरंत मानवीय सहायता अभियान शुरू किया गया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और खतरनाक जलस्तर के बावजूद सेना के बचाव दल ने सभी 34 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
सेना ने बचाए गए बच्चों और कर्मचारियों को चिकित्सा देखभाल और जलपान सहित आवश्यक सहायता प्रदान की। इस अभियान में पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय युवाओं ने भी सेना का सहयोग किया।
इस बीच, बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के तुलैल इलाके में हिमस्खलन की घटना भी सामने आई, हालांकि यह पहाड़ी क्षेत्र तक सीमित रही और इससे कोई नुकसान नहीं हुआ।
पिछले 48 घंटों के दौरान कश्मीर घाटी के मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। बारामूला में पिछले 24 घंटों में 70 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक वर्षा हुई, जो घाटी में सबसे ज्यादा रही। हंदवाड़ा के नौगाम में 58.2 मिमी, काजीगुंड में 48.6 मिमी और कुलगाम में 42.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। श्रीनगर शहर में भी 31.6 मिमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर में बुधवार तक बादल छाए रहेंगे जबकि सप्ताहांत में बारिश का एक और दौर आने की संभावना है। (भाषा)


