ताजा खबर

डबल मुनाफा का झांसा देकर मकान मालकिन से 2 लाख की ठगी, रैडिपो चालक रायपुर से गिरफ्तार
22-Mar-2026 12:19 PM
डबल मुनाफा का झांसा देकर मकान मालकिन से 2 लाख की ठगी, रैडिपो चालक रायपुर से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 मार्च। शेयर मार्केट में डबल मुनाफा दिलाने का लालच देकर ठगी करने वाले आरोपी कैब चालक को पुलिस ने आखिरकार रायपुर से पकड़ लिया। उसने अपने मकान मालकिन महिला से करीब 2 लाख रुपए की ठगी की थी।

तारबाहर थाना क्षेत्र की रहने वाली अंजना फ्रांसिस ने 16 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी गोविंद कुमार रैपिडो टैक्सी चालक है और वह उसके घर पर किराये पर रहता था। आरोपी ने उसे शेयर मार्केट में निवेश पर दोगुना फायदा दिलाने का भरोसा दिया। भरोसे में आकर उन्होंने चार अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख रुपए आरोपी को दे दिए, लेकिन बाद में आरोपी ने पैसा लौटाना तो दूर, संपर्क भी बंद कर दिया।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और सीएसपी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना प्रभारी रवींद्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सूचना मिलने पर टीम रायपुर पहुंची और आरोपी गोविंद कुमार को धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट