ताजा खबर

मध्य-पूर्व संघर्ष: राहुल गांधी ने ऊर्जा संकट से निपटने के लिए सरकार को दिया यह सुझाव
12-Mar-2026 8:18 PM
मध्य-पूर्व संघर्ष: राहुल गांधी ने ऊर्जा संकट से निपटने के लिए सरकार को दिया यह सुझाव

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष की वजह से पैदा हुए ऊर्जा संकट से निपटने के लिए सरकार को अपनी सोच बदलने की ज़रूरत है.

उन्होंने यह भी कहा कि इस संकट के बारे में वह सदन में बोलना चाह रहे थे, लेकिन किसी 'नई प्रक्रिया' की वजह से वह नहीं बोल पाए.

राहुल गांधी ने कहा, "देश में एलपीजी और तेल की जो स्थिति है, वो अभी शुरुआत है. इस बारे में मैं सदन में बोलना चाहता था, लेकिन कोई नई प्रक्रिया शुरू हुई है. इसमें मंत्री पहले तय करेंगे, फिर मैं बोलूंगा और फिर मंत्री उस पर जवाब देंगे."

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री और सरकार को तुरंत इस समस्या से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर देनी चाहिए. अगर तैयारी नहीं की गई तो करोड़ों लोगों का नुक़सान होगा.

राहुल गांधी ने कहा, "हम एक अस्थिरता के दौर में जा रहे हैं. जब आप ऐसे दौर में जाते हैं, तो आपको अपनी सोच बदलनी पड़ती है. आप वही पुरानी सोच नहीं रख सकते. इसलिए मैं सरकार को यह सुझाव दे रहा हूं कि वे संभावनाओं पर गहराई से विचार करना शुरू करें और यह सोचें कि लोगों को परेशानियों से बचाने के लिए हमें क्या करना होगा."

उन्होंने कहा, "मैं कोई राजनीतिक बयान नहीं दे रहा हूं. मैं सिर्फ़ यह कह रहा हूं कि मुझे आगे एक बड़ी समस्या आते हुए दिखाई दे रही है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट