ताजा खबर

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने एलपीजी और तेल की आपूर्ति पर संसद में क्या कुछ कहा
12-Mar-2026 8:17 PM
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने एलपीजी और तेल की आपूर्ति पर संसद में क्या कुछ कहा

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में बताया कि कच्चे तेल की आपूर्ति के मामले में भारत की स्थिति 'सुरक्षित' है.

उन्होंने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट से भारत आने वाले कच्चे तेल की मात्रा से कहीं अधिक तेल संरक्षित कर लिया गया है.

पुरी ने कहा, "भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति की स्थिति सुरक्षित है और तेल की जो मात्रा संरक्षित की गई है वह उससे भी ज़्यादा है जो होर्मुज़ से मिलती थी. संकट से पहले भारत का लगभग 45 फ़ीसदी कच्चे तेल का आयात होर्मुज़ स्ट्रेट के रास्ते होता था. भारत ने उतना कच्चा तेल संरक्षित कर लिया है, जो होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद रहने के समय में मिलने वाले तेल से भी अधिक है."

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एलपीजी के उत्पादन में 28 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की गई है. उन्होंने कहा कि आगे की ख़रीद भी जारी है.

उन्होंने सरकार की प्राथमिकता के बारे में भी बताया.

पुरी ने कहा, "मोदी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह है कि भारत के 33 करोड़ परिवारों, ख़ासकर ग़रीब और वंचित लोगों की रसोई में किसी तरह की कमी न हो. घरेलू आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और डिलीवरी पहले जैसी ही की जा रही है."

उन्होंने बताया कि कई रिफ़ाइनरियां सौ फ़ीसदी से भी अधिक क्षमता से चल रही हैं और पेट्रोल, डीज़ल, केरोसीन, एटीएफ़ या फ़्यूल ऑयल की 'कोई कमी नहीं' है.

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत अब 40 देशों से ऊर्जा आयात कर रहा है, जबकि 2006 और 2007 में आयात 27 देशों से ही हो रहा था.

हरदीप पुरी ने यह भी कहा, "होर्मुज़ के अलावा दूसरे स्रोतों से कच्चे तेल की ख़रीद बढ़कर लगभग 70 फ़ीसदी हो गई है, जो संघर्ष शुरू होने से पहले 55 फ़ीसदी थी."(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट